सोनभद्र । में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी विपिन तिवारी ने उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों की अव्यवस्थाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में चिकित्सकों व संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल रहा है। सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड सहित आवश्यक जांचों के लिए लंबी तिथियां मिलने से गंभीर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूरदराज के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले मरीज निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने को मजबूर हैं।
ज्ञापन में बिना मानकों के संचालित निजी अस्पतालों और अवैध क्लीनिकों पर भी चिंता जताते हुए उनकी व्यापक जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। विपिन तिवारी ने कहा कि सोनभद्र जैसे आदिवासी एवं पिछड़े जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने चिकित्सकों के रिक्त पद शीघ्र भरने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने, जांच व्यवस्था को समयबद्ध बनाने तथा अवैध अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य मंत्री जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे।










