गाजीपुर । दुल्लापुर थाना क्षेत्र के नायकडीह स्थित बाबा कान्वेंट स्कूल, हरदासपुर की स्कूल बस को जबरन कब्जे में लेने के प्रयास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आरोप है कि फाइनेंसर ने बस चालक से चाबी मांगी, लेकिन चालक के इनकार करने पर उन्होंने अपनी बोलेरो से स्कूल बस को टोचन कर तेज रफ्तार में ले जाना शुरू कर दिया।

बहलोलपुर चट्टी के पास अचानक टोचन टूट गया, जिससे बोलेरो और स्कूल बस दोनों अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फाइनेंसर जबरदस्ती वाहन ले जा रहे थे, जिससे यह दुर्घटना हुई।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि टोचन समय रहते नहीं टूटता तो और भी बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्कूल संचालकों और वाहन चालकों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा फाइनेंसरों की कथित दबंगई पर रोक लगाने की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टिंग मरदह धमेंद्र कुमार।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








