Search
Close this search box.

दुद्धी में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

सोनभद्र । दुद्धी कस्बा क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 में मंगलवार दोपहर एक 40 वर्षीय युवक ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार उर्फ सोनू (40) पुत्र दिलीप कुमार अग्रहरि के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र ने दोपहर करीब 12 बजे घर का दरवाजा अंदर से बंद कर पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।

करीब डेढ़ बजे जब परिजन घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर खिड़की से देखने पर धर्मेंद्र फंदे से लटका दिखाई दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर दुद्धी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उप निरीक्षक हरिकेश राम आजाद ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ (अर्धविक्षिप्त) था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Comment

और पढ़ें