मिर्जापुर । जनसत्ता दल के प्रदेश नेता अनुज ऊमर एवं नगर विधानसभा अध्यक्ष विक्रम सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लोकप्रिय वेब सीरीज़ “मिर्जापुर” के जरिए जनपद की छवि को कथित रूप से नकारात्मक तरीके से दिखाए जाने पर आपत्ति जताई गई।
पार्टी नेताओं ने कहा कि वेब सीरीज़ में मिर्जापुर को जिस प्रकार प्रस्तुत किया गया है, उससे जिले के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और जनपद की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
जनसत्ता दल ने कहा कि फिल्मों, वेब सीरीज़ और अन्य डिजिटल माध्यमों में किसी भी क्षेत्र, समाज या जनपद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले चित्रण से बचा जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान छोटू शुक्ला, शुभम शुक्ला, शैलेश शुक्ला, अभिषेक शुक्ला, कृष्ण मिश्र, आलोक शुक्ला समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग मिर्जापुर गौरव केसरी।








