हरदोई। जिले के मल्लावां और बघौली क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। शादी के महज एक माह दो दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के अनुसार युवती की शादी बड़े अरमानों के साथ की गई थी। शादी में करीब पांच लाख रुपये नकद, थार कार तथा सोने-चांदी के जेवरात दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही और युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उसे फोन तक इस्तेमाल नहीं करने दिया जाता था।

मृतका के परिजनों का कहना है कि 27 मई को युवती ने अपनी सास के फोन से अपने भाई को कॉल कर रोते हुए अपनी आपबीती बताई थी। आरोप है कि उसने भाई को एक जहरीले पदार्थ की फोटो भी भेजी थी। सूचना मिलने पर भाई तत्काल बहन के ससुराल पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने नवविवाहिता की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए थाना बघौली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले को लेकर क्षेत्र में भी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दहेज जैसी कुप्रथा आज भी बेटियों की जान ले रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट -ओमजीत यादव





