Search
Close this search box.

पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार; कुल्हाड़ी और 7 लाठी-डंडे बरामद

मीरजापुर । जनपद के कछवां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते हुई मारपीट में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और सात लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को विदापुर निवासी रमाशंकर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के कारण कुछ लोगों ने उसके पिता और भाई प्रेमशंकर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान प्रेमशंकर की मृत्यु हो गई। मामले में कछवां थाने पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार को चार आरोपियों—संदीप कुमार, दिनेश कुमार, धीरज कुमार और अजय कुमार, सभी निवासी ग्राम विदापुर—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर संदीप कुमार के घर के बाहर भूसे के बोरे के नीचे छिपाकर रखी गई एक कुल्हाड़ी और सात लाठी-डंडे बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें