वाराणसी । पुलिस कमिश्नरेट के रोहनिया सर्किल में तैनात एसीपी संजीव कुमार शर्मा का अलीगढ़ स्थानांतरण होने से क्षेत्र में मायूसी का माहौल है। लोहता, मंडुआडीह और रोहनिया थाना क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे एसीपी शर्मा अपनी संवेदनशील कार्यशैली, जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और प्रभावी पुलिसिंग के लिए जाने जाते थे। उनके तबादले की खबर मिलते ही आम जनता, पुलिसकर्मियों और सामाजिक संगठनों में निराशा देखी गई।
अपने कार्यकाल के दौरान एसीपी संजीव कुमार शर्मा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर न्याय दिलाने का प्रयास करते थे। यही कारण रहा कि उन्होंने जनता के बीच विश्वास और सम्मान की विशेष पहचान बनाई।
पुलिस विभाग में भी उनकी छवि एक मार्गदर्शक अधिकारी की रही। अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ परिवार जैसा व्यवहार और हर परिस्थिति में उनका सहयोग करने की भावना ने उन्हें सभी का प्रिय बना दिया। उनके स्थानांतरण की सूचना से कई पुलिसकर्मी भावुक नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसीपी शर्मा ने रोहनिया सर्किल को नई दिशा दी और जनता के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उनके कार्यों और व्यवहार को क्षेत्रवासी लंबे समय तक याद रखेंगे। अलीगढ़ में नई जिम्मेदारी मिलने पर लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।








