गाजीपुर । उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों और बदहाल विद्युत व्यवस्था के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन के बाद किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र यादव के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष विवेक राय ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे आम जनता, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी परेशान हैं। नागेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सरकार के बिजली व्यवस्था सुधारने के दावे जमीनी स्तर पर विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
पार्टी नेताओं ने बाराबंकी की घटना का उल्लेख करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजे की मांग की। कार्यकर्ताओं ने अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि रोकने, फर्जी बिलिंग की जांच कराने तथा सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धर्मेंद्र कुमार रिपोर्टिंग मरदह।









