वाराणसी । विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 15 मई से 5 जून तक चलाए गए “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” का समापन पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी, वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के साथ हुआ।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संवर्धन की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के परिणामस्वरूप बरेका को प्रतिष्ठित ‘गोल्ड रेटिंग ग्रीनको सर्टिफिकेशन’ प्राप्त हुआ है। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII), हैदराबाद द्वारा 10 मानकों पर किए गए मूल्यांकन में बरेका ने 1000 में से 650 अंक अर्जित कर अपने पूर्व ‘सिल्वर लेवल’ को उन्नत करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण पर विशेषज्ञों ने विचार रखे तथा नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया। विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया।
इसके अलावा संस्थान, बरेका द्वारा पर्यावरण जागरूकता रोलर स्केटिंग रैली, वाल पेंटिंग कार्यक्रम तथा सामूहिक वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। बच्चों, कर्मचारियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।









