जम्मू। जम्मू के प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर में पहली बार महिलाओं ने शाम की आरती की अगुवाई कर इतिहास रच दिया। भगवा साड़ियों में सजी महिलाओं ने दीपक हाथों में लेकर भजन, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन किया। मंदिर परिसर में आयोजित इस विशेष आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत किया।
इस आयोजन को धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं ने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। महिलाओं की अगुवाई में संपन्न हुई यह आरती न केवल भक्ति और आस्था का केंद्र बनी, बल्कि समाज में समान भागीदारी और नेतृत्व का भी प्रेरक संदेश दे गई।









