Search
Close this search box.

18 आदिवासियों की जमीन पर फर्जी पट्टे का आरोप, जांच की मांग को लेकर इंटक का प्रदर्शन

सोनभद्र । राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला अध्यक्ष हरदेवनारायण तिवारी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत जुगैल, ब्लॉक चोपन के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर कथित फर्जी भूमि पट्टों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोठीपियार घघवा स्थित गाटा संख्या 14132 की भूमि, जिस पर 18 आदिवासी परिवार पिछले 25-30 वर्षों से खेती कर रहे हैं, उसे पूर्व वनाधिकार समिति सदस्य अमृतलाल बैगा ने अधिकारियों को गुमराह कर अपने तथा अपने परिवार के नाम पट्टा करा लिया।

इंटक नेताओं ने आरोप लगाया कि अमृतलाल बैगा ने ग्राम पंचायत जुगैल में वन भूमि के कई अन्य पट्टे भी अपने परिवार के नाम करवाए हैं। इस मामले में जिलाधिकारी सोनभद्र को ज्ञापन सौंपा गया, जिस पर उन्होंने डीएफओ ओबरा और जिला समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

हरदेवनारायण तिवारी ने बताया कि संबंधित आदिवासियों पर वर्ष 2019 में वन विभाग द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया था तथा उनसे जुर्माना भी वसूला गया था, जिससे उनके भूमि पर लंबे समय से कब्जे और खेती करने की पुष्टि होती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो विवाद बढ़ सकता है। इस दौरान शमीम अख्तर खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें