Search
Close this search box.

सुल्तानपुर में छेड़खानी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

सुल्तानपुर । में महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है। थाना कोतवाली नगर और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो सगी बहनों से छेड़खानी के मुख्य आरोपी मोहम्मद आसिफ को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।

अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि 10-11 जून की रात करीब 2:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी हवाई पट्टी के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि 9 जून को बिजली गुल होने का फायदा उठाकर आरोपी ने घर लौट रही दो सगी बहनों के साथ छेड़खानी और बदसलूकी की थी। इस मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें