बलिया । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह परीक्षा 14 जून को प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5643 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी एवं व्यवस्थाओं के लिए 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 13 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। वहीं केंद्र व्यवस्थापकों को जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। परीक्षा कक्षों में पंखों की सुचारु व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सहायक केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।










