प्रयागराज के कर्नलगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां विश्वविद्यालय पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर 70 वर्षीय रामदुलारे कोरी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या का आरोप उनके सबसे छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा उर्फ शीबू पर है, जिसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बेटे को पिता के सीने पर तमंचा सटाकर गोली मारते हुए देखा जा सकता है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि पिता द्वारा भरण-पोषण का खर्च मांगने और उससे जुड़े मुकदमे को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद परिवार के एक बेटे ने उस अधिवक्ता से संपर्क किया जो भरण-पोषण संबंधी मुकदमे की पैरवी कर रहे थे। बातचीत के दौरान कथित तौर पर उसने पूछा, “अब तो पैसे नहीं देने पड़ेंगे?” पुलिस का मानना है कि यह फोन कॉल मामले की जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकता है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।








