नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला पहला विमान लखनऊ के लिए रवाना होगा और इस विशेष उड़ान में किसान यात्री के रूप में सवार होंगे।
जानकारी के मुताबिक, 15 जून की सुबह इस ऐतिहासिक उड़ान को औपचारिक रूप से रवाना किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मंत्रालय, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट के सीईओ सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में विमान को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा।
यह उड़ान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के परिचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विशेष रूप से किसानों को पहली उड़ान का यात्री बनाए जाने को प्रतीकात्मक और सम्मानजनक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं में शामिल है और इसके शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे क्षेत्र को हवाई संपर्क के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।







