Search
Close this search box.

दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 सप्लायर गिरफ्तार; सरगना की तलाश जारी

दिल्ली । पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी और एनसीआर में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग गिरोहों से जुड़े 6 कथित हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 अवैध पिस्टल, कई कारतूस, 3 गाड़ियां, 6 मोबाइल फोन तथा बड़ी संख्या में सिम कार्ड बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये हथियार दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय मंजीत महल, गोगी और रणदीप गैंग से जुड़े अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। इतनी बड़ी संख्या में हथियारों की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी केवल सप्लाई नेटवर्क की एक कड़ी हैं और पूरे गिरोह का संचालन करने वाला असली मास्टरमाइंड अभी गिरफ्त से बाहर है।

जांच एजेंसियां बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और वाहनों के जरिए आरोपियों के संपर्कों, फंडिंग स्रोतों और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियारों की खरीद, तस्करी और वितरण के पीछे कौन लोग शामिल हैं तथा उन्हें किस स्तर पर संरक्षण प्राप्त था।

फिलहाल पुलिस ने किसी बड़े सरगना का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। अधिकारियों का मानना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में इस अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें