गाजीपुर । सैदपुर क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव के साथ मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर पुलिस ने देवराज सिंह ठाकुर, नितेश सिंह उर्फ भोनू, राजन सिंह, सोनू सिंह, सर्वेश यादव समेत आठ नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, हीरा सिंह यादव सोमवार शाम करीब चार बजे सैदपुर क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित अपने कक्ष में बैठे थे। इसी दौरान निर्माण कार्य से संबंधित एक फाइल उनके पास लाई गई, जिसे उन्होंने वापस कर दिया। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर देवराज सिंह ठाकुर अपने पुत्र नितेश सिंह भोनू, भतीजे राजन सिंह और अन्य समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे।ब्लॉक प्रमुख का आरोप है कि आरोपियों ने उनसे पांच लाख रुपये की मांग की।
जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने बंदूक के कुंदों (बट) से भी हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं।तहरीर में यह भी कहा गया है कि सर्वेश यादव पहले ब्लॉक प्रमुख के यहां रहता था और कुछ विवादों के कारण दोनों के बीच नाराजगी चल रही थी।
आरोप है कि सर्वेश यादव ने फोन कर उन्हें बुलाया था, जिसके बाद यह घटना हुई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ब्लॉक प्रमुख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराकर उपचार कराया।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि मामले में आठ नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







