बलिया । जनपद के फेफना थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गौ-हत्या और अवैध पशु परिवहन से जुड़े मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान छह वाहनों से कुल 26 गोवंशीय पशु, जिनमें 17 गाय तथा 9 बछड़े-बछिया शामिल हैं, बरामद किए गए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कई वाहन गोवंशों को लादकर सागरपाली की ओर जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर वयना रेलवे क्रॉसिंग के पास छह वाहनों को पकड़ लिया गया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक अन्य आरोपी रिकीत कुमार उर्फ रितिक को भी गिरफ्तार कर लिया।
बरामद वाहनों में चार पिकअप, एक बोलेरो और एक मैजिक वाहन शामिल हैं। वाहन चालकों द्वारा कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर सभी वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









