Search
Close this search box.

साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, पुलिस ने वापस कराए 39,965 रुपये

बलिया । साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिकन्दरपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के खाते में 39,965 रुपये की धनराशि वापस कराई गई। यह धनराशि अज्ञात ठगों द्वारा धोखाधड़ी कर शिकायतकर्ता के बैंक खाते से निकाल ली गई थी।

जानकारी के अनुसार ग्राम कठौड़ा, थाना सिकन्दरपुर निवासी अजय कुमार राय ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 दिसंबर 2025 को उनके कोटक महिंद्रा बैंक खाते से फर्जी तरीके से धनराशि स्थानांतरित कर ली गई। शिकायत प्राप्त होते ही थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) तथा नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर राकेश कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक मूलचन्द चौरसिया के नेतृत्व में साइबर टीम ने संबंधित बैंक एवं एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई राशि को होल्ड कराया। लगातार प्रयासों के बाद 16 जून 2026 को 39,965 रुपये शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दिए गए।

धनराशि वापस मिलने पर अजय कुमार राय ने बलिया पुलिस और थाना सिकन्दरपुर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सफलता में साइबर प्रभारी चन्द्रशेखर यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर राजू यादव तथा साइबर हेल्प डेस्क के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें