बलिया । अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सहतवार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जानलेवा हमला और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की कटारी भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 144/2026 में दर्ज मामले से जुड़े आरोपी रमेश सिंह (47 वर्ष), धनंजय सिंह (34 वर्ष) तथा देव सिंह (19 वर्ष), सभी निवासी महाराजपुर थाना सहतवार, को गिरफ्तार किया गया।
घटना के संबंध में मुकदमे के वादी ने पुलिस को सूचना दी थी कि हमले में प्रयुक्त खूनालूदा कटारी महाराजपुर चट्टी के पास झाड़ियों में फेंकी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने कटारी बरामद कर उसे सील कर लिया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महाराजपुर चट्टी के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया, जब वे फरार होने की फिराक में थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार विश्वकर्मा सहित सहतवार थाना पुलिस की टीम शामिल रही।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






