लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ किया है। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने चैनल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
“सूचना प्रवाह” उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच होगा, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रमाणिक एवं त्वरित जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो और विभिन्न सरकारी अभियानों का नियमित प्रसारण भी किया जाएगा।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में यह चैनल सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत सेतु साबित होगा। वहीं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाकर जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है और यह मंच प्रदेश की विकास यात्रा को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में सहायक बनेगा।
“सूचना प्रवाह” चैनल सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी सूचनाओं के प्रभावी प्रसार के साथ नागरिकों और शासन के बीच संवाद को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






