चन्दौली । पुर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडल मुख्यालय स्थित बाकले अधिकारी क्लब में “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, डीडीयू की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह रहीं। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस समारोह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया। योग प्रशिक्षक राजेश योगी एवं लिली मजूमदार के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने और परिवार के सदस्यों को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया तथा राष्ट्रगान के साथ आयोजन संपन्न हुआ।








