Search
Close this search box.

विश्व योग दिवस पर अघोरेश्वर महाविभूति स्थल में योग शिविर का आयोजन, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

चन्दौली। /पड़ाव अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केन्द्र, अघोरेश्वर महाविभूति स्थल, गंगातट पड़ाव वाराणसी में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बाबा भगवान राम ट्रस्ट, श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद् ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

योग शिविर में केन्द्र के चिकित्सक एवं योग प्रशिक्षक डॉ. दिनेश झा तथा डॉ. मीना झा ने महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और वृद्धजनों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि इस वर्ष विश्व योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ और निरोगी बनाता है, बल्कि मानसिक शांति एवं दीर्घायु जीवन का भी आधार है। भारतीय संस्कृति की यह प्राचीन विधा ऋषि-मुनियों और योगियों के अनुसंधान का परिणाम है, जो आज पूरे विश्व में स्वास्थ्य संरक्षण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार की जा रही है।

योग प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सूक्ष्म प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें