चन्दौली । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के 400 से अधिक जनसेवा केंद्रों पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के लाइव योग संबोधन एवं योग कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया। जनसेवा केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
जनसेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रामभरोस यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर प्रतिवर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न जनसेवा केंद्रों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ जीवन का आधार बन चुका है। योग शरीर को निरोग रखने के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने योग को भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुकुटधारी सिंह, अखिलेश तिवारी, शशि कुमार, राहुल राव, नीरज, अभिषेक जायसवाल, इबरार अहमद, आशीष सिंह सहित अनेक जनसेवा केंद्र संचालक, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








