चन्दौली। /पड़ाव जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा में बारहवें विश्व योग दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय संगीत दिवस का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। विद्यालय के एम.एफ. हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ओम के उच्चारण से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। योगासन गुरु एवं जज मनुश्री गुप्ता के निर्देशन में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में प्राचार्य बिनोद कुमार दास ने कहा कि आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर चुकी है। योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को तनावमुक्त, अनुशासित और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित दिनचर्या अपनाने और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की अद्भुत कला है। योग मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने संगीत को भी भावनात्मक और रचनात्मक विकास का महत्वपूर्ण साधन बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, गवेंद्र बजाज, निदेशिका पूजा बजाज सहित शिक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन तनुप्रिया पॉल ने किया।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








