Search
Close this search box.

वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण, वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

बलिया । माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने गड़वार स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से सीधे संवाद कर उनके रहन-सहन, खान-पान, स्वास्थ्य एवं अन्य समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधीक्षक को निर्देश दिया कि वृद्धजनों की सभी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

सचिव ने विशेष रूप से स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर देते हुए जिला चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर वृद्धाश्रम में चिकित्सीय परीक्षण शिविर एवं अस्थि रोग जांच शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी वृद्धजन को विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकता है।

निरीक्षण के उपरांत वृद्धाश्रम में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में सचिव ने ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ सहित वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनसे संबंधित विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर लेखाकार भूपेन्द्र सिंह, स्टोर कीपर तेजबहादुर, केयर टेकर मुकेश सिंह, दयाशंकर वर्मा सहित वृद्धाश्रम के समस्त कर्मचारी एवं सभी आवासित वृद्धजन उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रेस नोट भी जारी किया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें