Search
Close this search box.

पुलिस मुठभेड़ में शातिर गौ तस्कर घायल, तीन गिरफ्तार; पिकअप से चार गोवंश और अवैध तमंचा बरामद

गाजीपुर । जनपद के बिरनो थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ जरगो से पलिया मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सेराज खान निवासी नोनहरा के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बिरनो भेजा गया। वहीं, संतोष राजभर निवासी करीमुद्दीनपुर और दिलमोहन राठौर निवासी गुलालसराय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चार जिंदा गोवंश तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है। इस संबंध में थाना बिरनो में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घायल सेराज खान और गिरफ्तार संतोष राजभर पर गोवध, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर, एनडीपीएस तथा अन्य गंभीर मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि दिलमोहन राठौर के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment

और पढ़ें