वाराणसी । जनपद के बरेका क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से बरेका चौकी प्रभारी विशाल सिंह एवं उपनिरीक्षक ऋषभ शुक्ला के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बरेका गेट से एपेक्स हॉस्पिटल रोड तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटवाए गए।

अभियान के दौरान सड़क पर खड़े ठेले, अवैध रूप से फैलाई गई दुकानों के सामान तथा यातायात में बाधा बन रहे ऑटो और टोटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने जाम का कारण बन रहे वाहनों को हटवाकर सड़क को खाली कराया, जिससे विशेष रूप से एपेक्स हॉस्पिटल आने-जाने वाले मरीजों और एंबुलेंस को निर्बाध आवागमन मिल सके।

पुलिस ने अतिक्रमणकारियों और वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा सड़क पर कब्जा या अवैध पार्किंग मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के क्रम में बरेका सूर्य सरोवर गुमटी मार्केट क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। वहां मौजूद कुछ असामाजिक तत्व पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले।

स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नियमित कार्रवाई से क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी।










