Search
Close this search box.

अमरनाथ यात्रा से पहले बड़ी सौगात: रामबन में 3.5 किमी लंबी एटी-03 टनल ट्रैफिक के लिए तैयार

जम्मू-कश्मीर । जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। रामबन जिले में पंथ्याल को डिगडूल से जोड़ने वाली 3.5 किलोमीटर लंबी एटी-03 साउथ बाउंड टनल ट्रैफिक के लिए लगभग तैयार हो चुकी है। करीब 846 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस टनल के अमरनाथ यात्रा 2026 से पहले शुरू होने की उम्मीद है। इसके चालू होने से यात्रियों को ‘खूनी नाला’ और पंथ्याल जैसे भूस्खलन एवं पत्थर गिरने वाले खतरनाक हिस्सों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और हर मौसम में सुगम बनेगी।

सरला प्रोजेक्ट वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड के टेक्निकल मैनेजर हरीश कुंजा ने बताया कि टनल का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अंतिम फिनिशिंग का काम जारी है। स्थानीय लोगों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ा बदलाव बताया है। उनका कहना है कि टनल बनने से दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा जम्मू और श्रीनगर के बीच सालभर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। यह परियोजना जम्मू-कश्मीर में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सड़क अवसंरचना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें