Search
Close this search box.

वाराणसी मंडल में 29 रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई, सेवानिवृत्ति के साथ 18 कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

वाराणसी । 30 जून 2026 उत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में प्रेमचंद सभागार में सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के 2 अधिकारियों और 27 कर्मचारियों सहित कुल 29 रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उन्हें सेवा मेडल, पीपीओ, मेडिकल कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए तथा समापक देयों का भुगतान भी किया गया।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी रेलवे की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विशेष रूप से जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार की कार्यनिष्ठा, मीडिया समन्वय और रेलवे की सकारात्मक छवि निर्माण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को परिवार और समाज के लिए समय निकालते हुए नए जीवन की सफल शुरुआत की शुभकामनाएं दीं।

वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का नया अध्याय है और कर्मचारियों का अनुभव समाज के लिए उपयोगी रहेगा। वहीं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने कर्मचारियों को सेवा प्रमाण पत्र, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, पहचान पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए भविष्य में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

समारोह की विशेष उपलब्धि यह रही कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के रिक्त हुए पदों पर वरिष्ठता के आधार पर 18 कर्मचारियों को उसी दिन पदोन्नति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में कार्मिक विभाग द्वारा यूएमआईडी कार्ड एवं साइबर क्राइम जागरूकता सेमिनार का भी आयोजन किया गया। समारोह में लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें