राजातालाब । आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र राजातालाब एवं लालपुर उपकेंद्र पर मासिक विद्युत सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजातालाब में कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीओ मुकेश यादव तथा लालपुर उपकेंद्र पर एसडीओ राजेश कुमार यादव ने किया। प्रशिक्षण में दोनों उपखंडों के समस्त अवर अभियंताओं एवं संविदा पर कार्यरत कुशल और अकुशल लाइनमैनों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने लाइनमैनों को सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, उनकी आवश्यकता और लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्युत लाइनों पर कार्य करते समय अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों, सुरक्षा मानकों तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन प्रत्येक कर्मचारी की पहली जिम्मेदारी है और इससे न केवल कर्मचारियों का जीवन सुरक्षित रहता है, बल्कि विद्युत आपूर्ति भी निर्बाध बनी रहती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी लाइनमैनों को विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित ढंग से कार्य करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अवर अभियंता अखिलेश यादव, विनम्र पटेल, सुबोध कुमार सिंह, नारायण सिंह (काशीपुर), कलराम (गंजारी) तथा शिवजीत यादव (राजातालाब) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





