गाजीपुर । सैदपुर थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के हुई मुठभेड़ में हत्या के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह अपनी टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित नगीना बनवासी सिकंदरपुर गंगी नदी स्थित बबुरहनी पुल के रास्ते मुख्य मार्ग की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने भागने के साथ पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान नगीना बनवासी (49) पुत्र स्व. बुधई बनवासी, निवासी भड़सर थाना बिरनो, हाल पता ग्राम शेरमठ थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह सैदपुर थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे (मु0अ0सं0 41/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस) में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट का भी एक अन्य मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।







