Search
Close this search box.

वाराणसी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जन-जागरूकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी

वाराणसी । जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, दुर्गाकुंड परिसर से पूर्व मंत्री एवं विधायक (शहर दक्षिणी) डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो दुर्गाकुंड से लंका, बीएचयू होते हुए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड पर समाप्त हुई।

रैली में नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि यह अभियान केवल उपचार नहीं, बल्कि रोकथाम और जन-जागरूकता पर केंद्रित है। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, जलभराव की रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने पर जोर देते हुए डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, एईएस और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसे रोगों से बचाव का संदेश दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि जुलाई माह में विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वच्छता अभियान, नालियों की सफाई, एंटी लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर बुखार, टीबी और कुपोषण के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी।

इस अवसर पर डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में चिकित्सकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें