बलिया । विकास भवन सभागार में गुरुवार को सांसद सलेमपुर रमाशंकर राजभर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 101 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा करते हुए लंबित विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सांसद ने जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाओं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जर्जर सड़कों की मरम्मत, मालदह-मौनिया बाबा मार्ग निर्माण तथा नहरों की पटरियों की मरम्मत में तेजी लाने को कहा। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान नगरा के 60 बेड और सुखपुरा के 50 बेड अस्पताल को जल्द शुरू करने तथा चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी और पीएचसी का सर्वे कर 15 दिनों में समस्याओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में खराब विद्युत व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अधूरी विद्युतीकरण योजनाओं को शीघ्र पूरा करने, स्वयं सहायता समूहों से अधिक महिलाओं को जोड़ने, पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा बेल्थरारोड के काशीराम आवासों का शीघ्र हैंडओवर कराने पर जोर दिया गया।

सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों, अवैध मिट्टी खनन पर सख्त कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने, किसानों को फसल क्षति का मुआवजा दिलाने तथा लंबित शहरी विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी विभागों से जनहित के कार्यों में तेजी लाने और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। बैठक में जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक, सीडीओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







