बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेतर राजस्व विभागों की मासिक समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्धारित लक्ष्य हर हाल में समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग की वसूली संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए।

वहीं खनन विभाग द्वारा 15 करोड़ रुपये की वसूली पर विभाग की सराहना की गई। हालांकि बैरिया और बेल्थरारोड तहसील में खनन राजस्व वसूली कमजोर मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बैरिया के सब-रजिस्ट्रार को शोकॉज नोटिस जारी करने तथा बेल्थरारोड के सब-रजिस्ट्रार से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का खनन न होने पाए। अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वाहनों को तत्काल सीज करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। रसड़ा मंडी के संचालन पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए बेल्थरारोड और रसड़ा के तहसीलदारों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा रोडवेज, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग तथा नगर पालिका परिषद बलिया की धीमी राजस्व वसूली पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सीआरओ गुलशन जी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









