चन्दौली । मुगलसराय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। पुलिस ने मौके से उमाकान्त उर्फ हिमांशु निवासी भोजपुर, बिहार को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मिर्जापुर से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी में था। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।








