दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय रामलीला टीसीडी खेल मैदान में रविवार को 15वें कैनवस समर कप कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने फीता काटकर किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद दोनों टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में टॉस कराया। टॉस जीतकर प्रेस क्लब दुद्धी ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम निर्धारित 12 ओवर में 64 रन पर सिमट गई।
सत्यम ने 18, राजा ने 16 और शमीम अंसारी ने 11 रन बनाए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विवेक और आशीष ने दो-दो विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की। जवाब में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संदीप सिंह की नाबाद 34 रन की तेजतर्रार पारी की बदौलत महज 6 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। जयशंकर पांडे ने 11 और आशीष पाल ने 10 रन का योगदान दिया।
उद्घाटन मैच में शानदार प्रदर्शन के साथ स्वास्थ्य विभाग ने टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, राजकुमार अग्रहरि, कमल कुमार कानू, संरक्षक सुमित सोनी, अनुराग चौरसिया, अजीत सिंह, इरफान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






