दुद्धी सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी के ग्राम रजखड़ में बुधवार को प्रकृति संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में नव स्थापित गौशाला का शुभारंभ एवं उद्घाटन समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और गो-पूजन से किया गया। इसके उपरांत सुंदरकांड पाठ तथा प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।

मुख्य अतिथि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने गौ-संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौशालाएं केवल निराश्रित गोवंश के संरक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उन्होंने गौ-पालन को आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता से भी जोड़ा।
समारोह में प्रधान प्रतिनिधि बृजेश कुशवाहा, पूर्व प्रधान विंध्याचल प्रसाद, सुरेंद्र सोनी, बीना सोनी, सदानंद सोनी, सुशीला सोनी, नेहा सोनी, तारा सोनी, उप पशु चिकित्सा अधिकारी रुद्रेश यादव तथा पशुधन प्रसार अधिकारी हिमांशु गौड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने गौ-संरक्षण, गौ-सेवा और गौशाला के सुचारु संचालन में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया। समारोह का वातावरण धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता से ओत-प्रोत रहा।









