Search
Close this search box.

एक माह से फुंका ट्रांसफार्मर, बिजली बहाली की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

सोनभद्र । विकासखंड चोपन के ग्राम पंचायत अगोरी ख़ास के टोला बिजौरा में पिछले एक माह से विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव के नेतृत्व में विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई, किसानों के कृषि कार्य और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सचिव प्रदीप यादव ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि एक माह तक ट्रांसफार्मर न बदलना ग्रामीणों के प्रति विभाग की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी।

प्रदर्शन में शुभम, माले, भोलानाथ, भोला, लीलावती, मुन्नी देवी, मनीष, अनराजी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें