Search
Close this search box.

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, मीरजापुर में 13,746 शिक्षाकर्मी होंगे लाभान्वित

मीरजापुर । जनपद में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी से किया गया, जिसका सीधा प्रसारण मीरजापुर के विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में देखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने की, जबकि छानवे विधायक रिंकी कोल विशिष्ट अतिथि रहीं।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि योजना के तहत मीरजापुर जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के 5,466 शिक्षक, 442 अनुदेशक, 2,391 शिक्षामित्र, 5,307 रसोइये, 140 कस्तूरबा गांधी विद्यालय कर्मी तथा 1,129 सहायता प्राप्त शिक्षकों सहित कुल 13,746 शिक्षाकर्मी लाभान्वित होंगे। पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम में 20 शिक्षकों एवं दो शिक्षकों के परिवारों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर बीएसए ने स्कूल चलो अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 3 वर्ष आयु के सभी बच्चों का आंगनबाड़ी एवं बाल वाटिका में, 6 वर्ष आयु के बच्चों का कक्षा-1 में तथा 7 से 14 वर्ष आयु के सभी ड्रॉपआउट बच्चों का विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

रिपोर्टिंग मीरजापुर बसंत कुमार गुप्ता।

Leave a Comment

और पढ़ें