बलिया । जनपद में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद के बलिया आगमन के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के डाक बंगले पर कुछ युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “संजय निषाद गो बैक”, “संजय निषाद होश में आओ” जैसे नारे लगाए। युवाओं का आरोप था कि संजय निषाद ने पूर्व में बलिया के महापुरुषों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे जिले के लोगों में नाराजगी है। इसी के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किया गया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया
प्रदर्शन का नेतृत्व जैनेंद्र पांडे (मिंटू), सागर सिंह, राहुल तथा उनके सहयोगियों ने किया। नारेबाजी के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को डाक बंगले परिसर से हटाकर व्यवस्था सामान्य कराई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए वहां हलचल का माहौल बना रहा, हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस की सक्रियता से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे बलिया के महापुरुषों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से दर्ज कराते रहेंगे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।






