बलिया । आगामी महावीर जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने गुरुवार को सिकंदरपुर कस्बे में पैदल मार्च कर तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जुलूस के निर्धारित मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग में स्थापित विभिन्न मूर्तियों को सुरक्षा की दृष्टि से जाली से ढंकने तथा पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए। इसके बाद दोनों अधिकारी महावीर मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर परिसर और तालाब का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने तालाब की साफ-सफाई कराने के साथ ही उसके स्वामित्व एवं अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि जुलूस के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







