मीरजापुर । जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मीरजापुर पुलिस ने गुरुवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोपी को गिरफ्तार कर अपहृता को सकुशल बरामद किया। थाना पड़री में दर्ज मुकदमे के तहत पुलिस ने झिंगुरा रेलवे स्टेशन के बाहर टैक्सी स्टैंड के पास से आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर पीड़िता को बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।

इसी क्रम में थाना जिगना पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाते हुए छतरीपुर गांव के पास से अजय बिन्द को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 200 मिलीलीटर के 48 पाउच अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद में अपराधियों, अवैध शराब कारोबारियों और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत जिले भर में कुल 20 व्यक्तियों का चालान किया गया। इनमें कोतवाली कटरा से 8, चील्ह से 1, लालगंज से 3, चुनार से 1, अदलहाट से 2, अहरौरा से 2 तथा मड़िहान थाना क्षेत्र से 3 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






