Search
Close this search box.

रेल प्रशासन–मेंस कांग्रेस पीएनएम बैठक में कर्मचारियों के 65 मुद्दों पर मंथन, कल्याण व सुरक्षा पर जोर

वाराणसी । 09 जुलाई 2026 मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभा कक्ष में एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन के साथ तृतीय स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रेल प्रशासन और कर्मचारी संगठन के बीच समन्वय, संवाद तथा कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीआरएम ने कहा कि पीएनएम केवल समस्याओं के समाधान का मंच नहीं, बल्कि बेहतर कार्य संस्कृति, पारस्परिक विश्वास और सहयोग को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने सुरक्षित रेल संचालन, राजस्व वृद्धि और कर्मचारियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए समयबद्ध तरीके से समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने बताया कि वाराणसी मंडल में पहली बार दिव्यांग रेलकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराई गई है तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया। इन्द्रप्रस्थ एवं काशी हॉलिडे होम का नवीनीकरण, मंडल कार्यालय कैंटीन में एसी सहित कई कर्मचारी कल्याण सुविधाएं विकसित की गई हैं।

एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने कर्मचारियों से जुड़े 65 लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। मंडल मंत्री राकेश पाल ने कार्यघंटों के पुनर्निर्धारण, ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा, गैंग हट एवं जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता, रेलवे कॉलोनियों के रखरखाव, सामुदायिक केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, वाहन स्टैंड, मनोरंजन कक्ष तथा पात्र कर्मचारियों को ओवरटाइम भुगतान जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से रखे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें रेल प्रशासन और कर्मचारी संगठन ने कर्मचारियों के हित, सुरक्षा तथा बेहतर समन्वय के लिए निरंतर संवाद और सहयोग बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

और पढ़ें