बलिया। जनपद के रसड़ा क्षेत्र के सुल्तानीपुर ग्राम सभा में शुक्रवार को शिव-गणेश मंदिर निर्माण के लिए वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व श्रीप्रकाश सिंह, श्रीमती फुलेहरा स्मारक ग्रुप ऑफ कॉलेजेज कमतैला-रसड़ा के प्रबंधक गोविंद नारायण सिंह तथा राजेश सिंह ने किया। भूमि पूजन के साथ ही मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ भी हो गया।
आयोजकों के अनुसार मंदिर का निर्माण अत्याधुनिक एवं भव्य स्वरूप में किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग दो वर्ष का समय लगेगा, जबकि इस परियोजना पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मंदिर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर रामबदन राजभर, रणजीत सिंह, राम मिलन सिंह, जितेंद्र सिंह, इंद्रदेव सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर निर्माण को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए इसके सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।











