सोनभद्र । दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में कंपोजिट विद्यालय धूमा के प्रधानाध्यापक अवधेश कनौजिया (57) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह दुद्धी से बाइक से अपने घर महुली लौट रहे थे। इसी दौरान जाबर गांव के पास अचानक एक छुट्टा गाय उनकी बाइक के सामने आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल प्रधानाध्यापक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया। वहां डॉ. शाह आलम अंसारी ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे की खबर से शिक्षा विभाग और क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर छुट्टा पशुओं की बढ़ती समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर घूम रहे आवारा पशु लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं और समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।










