गाजीपुर । मरदह थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मुस्तफाबाद, पोस्ट बिजौरा निवासी ओमप्रकाश राम ने ग्राम पंचायत अधिकारी अंकिता सिंह तथा कासिमाबाद ब्लॉक के एडीओ पंचायत धनंजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लगभग डेढ़ से दो माह पूर्व उनकी नियुक्ति ग्राम पंचायत मोहिउद्दीनपुर, विकास खंड कासिमाबाद में हुई थी। ग्राम प्रधान द्वारा उनके पेरोल पर हस्ताक्षर और मुहर लगाए जाने के बाद भी संबंधित अधिकारियों ने आगे की प्रक्रिया रोक दी।
रू 20 हजार रिश्वत मांगने का आरोप वेतन रूका
ओमप्रकाश राम का आरोप है कि दोनों अधिकारियों द्वारा उनसे ₹20,000 की रिश्वत की मांग की जा रही है। रिश्वत नहीं देने पर जून माह का वेतन रोक दिया गया और पेरोल आगे नहीं बढ़ाया गया। उनका कहना है कि वह प्रतिमाह नियमित रूप से 30-31 दिन कार्य करते हैं, इसके बावजूद उन्हें वेतन से वंचित रखा गया है। पीड़ित का कहना है कि वह अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा उनका लंबित वेतन शीघ्र जारी कराने की अपील की है। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









