वाराणसी । जनपद के शिवपुर क्षेत्र के परमानंदपुर ग्राम सभा की किसान परिवार की बेटी मुस्कान पटेल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बेंगलुरु स्थित अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। लिखित परीक्षा और ऑनलाइन साक्षात्कार सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें 21 लाख 20 हजार रुपये की स्कॉलरशिप भी मिली है। इस उपलब्धि पर गांव में सम्मान समारोह आयोजित कर मुस्कान को शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुस्कान के माता-पिता विनोद पटेल और प्रिया देवी ने बताया कि सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। नंदलाल मास्टर तथा पंचमुखी संस्था के सहयोग से मुस्कान ने यह मुकाम हासिल किया। विकास इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. अशोक सिंह ने कहा कि मुस्कान की सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।


समारोह में गुड़िया पटेल को भोपाल कैंपस में प्रवेश मिलने पर भी बधाई दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान मंच अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान रहे। इस अवसर पर दशरथ पटेल, डॉ. उदय पटेल, राम नरेश सिंह, सुरेश कुमार, दिलीप पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। मुस्कान की सफलता पूरे परमानंदपुर और किसान समाज के लिए गर्व का विषय बन गई है।










