वाराणसी । अयोध्या धाम स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और लूट के आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को महावीर मंदिर, अर्दली बाजार में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, महासचिव संतोष चौरसिया, उपाध्यक्ष मयंक चौबे और सतनाम सिंह ने किया।
आस्था की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने का ऐलान
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान हनुमान से सत्य, न्याय और धर्म की स्थापना की प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि करोड़ों रामभक्त श्रद्धा के साथ मंदिर में चढ़ावा अर्पित करते हैं। ऐसे में यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की अनियमितता या दुरुपयोग हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि जनआस्था की रक्षा के संकल्प के तहत किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने घोषणा की कि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होने तक प्रत्येक मंगलवार शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और जनजागरण अभियान जारी रहेगा। कार्यक्रम में डॉ. राजेश गुप्ता, प्रवीण सिंह, हसन मेहदी, रोहित दुबे सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








