मिर्जापुर । जनपद में महिला जिला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत के बाद मंगलवार को अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती बिन्द पत्नी राजेश कुमार बिंद को प्रसव पीड़ा होने पर सुबह महिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार और निगरानी नहीं मिलने के कारण पहले नवजात और फिर प्रसूता की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदार चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी। अस्पताल प्रशासन ने भी घटना की जांच कराने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटे हैं।
रिपोर्टिंग मिर्जापुर गौरव केसरी।









